करवा चौथ 2025 का पर्व आज पूरे देश में उल्लास और श्रद्धा के साथ मनाया जा रहा है। सुहागिन महिलाओं ने अपने पति की लंबी आयु और सुखी वैवाहिक जीवन की कामना करते हुए दिनभर निर्जला व्रत रखा है और रात में चंद्रमा को अर्घ्य देकर व्रत का पारण करेंगी। करवा चौथ का महत्व धार्मिक और सांस्कृतिक दोनों दृष्टियों से अत्यंत गूढ़ और पवित्र माना जाता है। यह पर्व मुख्य रूप से पति की दीर्घायु, विवाह-सौभाग्य और वैवाहिक जीवन में प्रेम व सामंजस्य बनाए रखने के लिए समर्पित होता है। लेकिन हर साल की तरह इस बार भी व्रतियों के मन में यह सवाल रहता है कि उनके शहर में चांद कब दिखाई देगा। आइए जानते हैं प्रमुख शहरों में चांद निकलने का अनुमानित समय।
करवा चौथ का महत्व
करवा चौथ कार्तिक मास के कृष्ण पक्ष की चतुर्थी को विशेष रूप से मनाया जाता है। इस दिन भगवान शिव, माता पार्वती, करवा माता और चंद्रमा की पूजा अत्यंत शुभ मानी जाती है, क्योंकि चंद्रमा मन, भावनाओं और वैवाहिक सुख का कारक माना जाता है। यह व्रत केवल पति की लंबी आयु के लिए नहीं, बल्कि अपने भीतर छिपी शक्ति, सहनशीलता और प्रेम को जाग्रत करने का माध्यम भी है। साथ ही, यह व्रत मन, वाणी और आहार पर संयम का अभ्यास कर सतोगुणों की वृद्धि करता है और आत्मा को सकारात्मक ऊर्जा से भरता है।
इस साल करवा चौथ की खास बात
इस बार करवा चौथ शुक्रवार को पड़ रहा है और चतुर्थी तिथि पूरे शाम तक बनी रहेगी। ज्योतिषाचार्यों के अनुसार, यह दिन सौभाग्य वर्धक योग में आता है। चंद्र दर्शन इस दिन पति-पत्नी के जीवन में प्रेम, सुख और समृद्धि बढ़ाने वाला माना जाता है। साथ ही, आज सिद्धि योग भी बन रहा है और चंद्रमा कृत्तिका नक्षत्र से होकर शाम के समय रोहिणी नक्षत्र में प्रवेश करेंगे, जिससे करवा चौथ का महत्व और भी विशेष बन गया है।
करवा चौथ चतुर्थी तिथि इस वर्ष 9 अक्टूबर की रात 10:54 बजे से आरंभ होकर 10 अक्टूबर की शाम 7:38 बजे समाप्त होगी। करवा चौथ पूजा का मुहूर्त आज शाम 5:57 बजे से लेकर 7:11 बजे तक रहेगा।