सनातन परंपरा में भगवान राम के नाम का स्मरण सर्वोच्च माना जाता है। इसे तारक मंत्र कहा गया है एक ऐसा दिव्य नाम, जिसका जप करने से मनुष्य के जीवन से अंधकार दूर होकर सुख, शांति और सौभाग्य का प्रकाश फैलता है। गोस्वामी तुलसीदास द्वारा रचित श्री रामचरित मानस में कई ऐसी चौपाइयां हैं जिनके जप मात्र से ही सभी दुख-दोष मिट जाते हैं और जीवन में मंगल ही मंगल होता है।
सभी दुखों और शोक को दूर करने वाली चौपाई
राम भगति मनि उर बस जाकें।
दु:ख लवलेस न सपनेहुँ ताकें।।
तुलसीदास जी बताते हैं कि जिस व्यक्ति के हृदय में भगवान राम की भक्ति रूपी मणि चमकती है, उसे संसार के किसी भी प्रकार का दुख स्पर्श नहीं कर सकता। यहां तक कि वह व्यक्ति स्वप्न में भी शोक या पीड़ा का अनुभव नहीं करता। राम भक्त का जीवन सदैव आनंद और संतोष से भरा रहता है।
सब मंगल कराने वाली शक्तिशाली चौपाई
मंगल भवन अमंगल हारी।
द्रवहु सुदसरथ अजिर बिहारी।।
इस चौपाई का जप अत्यंत शुभ माना जाता है। यह वह मंत्र है जो किसी भी नकारात्मकता, भय, अमंगल या अनहोनी को हरकर जीवन में मंगल और समृद्धि लाता है। रामायण पाठ में इस चौपाई को संपुट के रूप में प्रयोग किया जाता है ताकि पाठ का प्रभाव कई गुना बढ़ सके। मान्यता है कि इसे पढ़ने वाले पर प्रभु श्रीराम की कृपा सदैव बरसती रहती है।
रोग-दोष से मुक्ति दिलाने वाली चौपाई
दैहिक दैविक भौतिक तापा।
राम राज नहिं काहुहिं ब्यापा।।
शरीर, मन, परिवार, ग्रहों या परिस्थितियों से उत्पन्न किसी भी प्रकार के दुख तीन ताप यदि व्यक्ति को निरंतर परेशान करते हों, तो इस चौपाई का जप अमोघ माना गया है। श्रद्धा और विश्वास के साथ रोज इसका पाठ करने से जीवन के दोष, रोग और बाधाएं दूर होती हैं। यह चौपाई रामराज्य की शांति और सुख का अनुभव कराती है।
बड़े संकटों से उबारने वाली रामचरित मानस की चौपाई
दीन दयाल बिरिदु संभारी।
हरहु नाथ मम संकट भारी।।
जब जीवन कठिन हो जाता है, रास्ते बंद दिखाई देते हैं और भारी संकट मन पर बोझ बनकर बैठ जाते हैं, तब यह चौपाई जीवन का आधार बन जाती है। इसका अर्थ है “हे नाथ, आप तो दीन-दुखियों पर दया करने वाले हैं, कृपा करके मेरे संकटों को दूर कर दीजिए।” यह चौपाई भक्त को साहस, सुरक्षा और दिव्यता का एहसास कराती है।
सुख-संपत्ति और सिद्धि दिलाने वाली चौपाई
जे सकाम नर सुनहिं जे गावहिं।
सुख संपत्ति नाना विधि पावहिं।।
जो व्यक्ति सुख, सुविधा, धन-संपत्ति और प्रगति की इच्छा रखते हैं उन्हें इस चौपाई का नियमित जप अवश्य करना चाहिए। माना जाता है कि भगवान राम अपने भक्तों की हर इच्छा पूर्ण करते हैं और उनके घर में सदैव माँ लक्ष्मी का वास रहता है। इस चौपाई का जप जीवन में समृद्धि और उन्नति का मार्ग खोलता है।
राम नाम मोक्ष का महामंत्र
सनातन मान्यताओं में राम नाम को मुक्ति देने वाला सर्वोत्तम मंत्र कहा गया है। इसका स्मरण मन को पवित्र करता है बुद्धि को निर्मल बनाता है और जीवन की हर दिशा में सकारात्मकता लाता है। रामचरित मानस की ये महामंत्र चौपाइयां न केवल आध्यात्मिक उन्नति देती हैं, बल्कि सांसारिक जीवन में भी हर प्रकार का कल्याण करती हैं।