हिंदू धर्म में माता लक्ष्मी को धन, समृद्धि और सौभाग्य की देवी माना जाता है। कहा जाता है कि जिस घर पर उनकी कृपा दृष्टि होती है वहां धन की कमी नहीं रहती और परिवार में सुख-शांति बनी रहती है। लेकिन कई बार अनजाने में हम कुछ ऐसी गलतियां कर बैठते हैं जिनसे माता लक्ष्मी अप्रसन्न हो सकती हैं। इसका असर सीधा घर की आर्थिक स्थिति और सकारात्मक ऊर्जा पर पड़ता है। आइए जानते हैं उन गलतियों के बारे में, जिनसे बचना बेहद जरूरी है।
घर में गंदगी और अव्यवस्था से बचें
हिंदू शास्त्रों के अनुसार माता लक्ष्मी को स्वच्छता अत्यंत प्रिय है। जिस घर में साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखा जाता है वहां देवी लक्ष्मी का स्थायी वास होता है। लेकिन यदि घर में टूटी-फूटी वस्तुएं बिखरी हों, कचरा जमा हो या रसोईघर गंदा हो, तो यह नकारात्मक ऊर्जा को बढ़ाता है। ऐसी स्थिति में लक्ष्मी जी नाराज हो जाती हैं और घर में दरिद्रता प्रवेश करने लगती है। इसलिए रोजाना नियमित सफाई करें और घर को व्यवस्थित रखें।
शाम या रात के समय झाड़ू लगाना अशुभ माना जाता है
पुराणों एवं ग्रामीण परंपराओं में सूर्यास्त के बाद झाड़ू लगाना अशुभ बताया गया है। मान्यता है कि शाम को झाड़ू लगाने से घर की सकारात्मक ऊर्जा बाहर चली जाती है और माता लक्ष्मी रूठकर बाहर चली जाती हैं। ज्योतिष में भी बताया गया है कि रात के समय राहु और केतु का प्रभाव बढ़ जाता है ऐसे में झाड़ू लगाने से नकारात्मक ऊर्जा बढ़ने की संभावना बनी रहती है। इसलिए सूर्यास्त के बाद झाड़ू कभी है लगाना चाहिए।
तुलसी का पौधा सूखना – महत्वपूर्ण संकेत
तुलसी का पौधा घर का पवित्र प्रतीक माना गया है और इसमें माता लक्ष्मी तथा भगवान विष्णु दोनों का वास बताया गया है। यदि तुलसी का पौधा अचानक कमजोर होने लगे या सूख जाए, तो इसे धन हानि या नकारात्मकता का संकेत माना जाता है। इसलिए तुलसी की नियमित देखभाल करें, प्रतिदिन जल चढ़ाएं और रविवार के दिन तुलसी को पानी न दें। तुलसी के आसपास सफाई रखना भी अत्यंत महत्वपूर्ण है।
घर में क्रोध, झगड़ा और कलेश से बचें
जहां घर में कलह, क्रोध और विवाद होता है वहां माता लक्ष्मी का वास नहीं माना जाता। लगातार झगड़ों से घर का वातावरण दूषित हो जाता है और नकारात्मक ऊर्जा का प्रभाव बढ़ जाता है। विशेष रूप से यदि घर में स्त्री का अनादर हो, तो यह अत्यंत अशुभ माना जाता है क्योंकि स्त्री को लक्ष्मी का स्वरूप कहा गया है। इसलिए घर में प्रेम, सम्मान और सौहार्द का वातावरण बनाना बेहद आवश्यक है।
लक्ष्मी से जुड़ी वस्तुओं का सम्मान करें
माता लक्ष्मी की कृपा पाने के लिए धन, चांदी के सिक्के, तिजोरी, गहने और बही-खातों जैसी वस्तुओं का सम्मान करना जरूरी है। इन वस्तुओं का अपमान या अव्यवस्थित तरीके से रखना दुर्भाग्य को आमंत्रित करता है। पूजा सामग्री, नोट, सिक्कों और तिजोरी को साफ-सुथरा और सुरक्षित रखना शुभ माना जाता है। इससे लक्ष्मी जी प्रसन्न रहती हैं और घर में धन की धारा बनी रहती है।
मां लक्ष्मी को प्रसन्न करने के सरल मंत्र
इन मंत्रों का नियमित जाप अत्यंत शुभ माना जाता है। ये मन को शांति देते हैं और घर में सकारात्मक ऊर्जा बढ़ाते हैं:
ऊँ महालक्ष्म्यै नमो नमः।
ऊँ विष्णुप्रियायै नमो नमः।।
ऊँ धनप्रदायै नमो नमः।
ऊँ विश्वजनन्यै नमो नमः।।