भगवान शिव की आराधना का सबसे बड़ा महापर्व महाशिवरात्रि इस वर्ष 15 फरवरी को श्रद्धा और भक्ति के साथ मनाया जाएगा। हिंदू धर्म में इस दिन का विशेष महत्व है। मान्यता है कि इसी पावन तिथि पर भगवान शिव और माता पार्वती का दिव्य विवाह हुआ था। इस दिन शिवभक्त व्रत रखते हैं, रात्रि जागरण करते हैं और शिवलिंग का जलाभिषेक कर भोलेनाथ से सुख-समृद्धि की कामना करते हैं।
ज्योतिष शास्त्र के अनुसार, यदि महाशिवरात्रि पर अपनी राशि के अनुरूप पूजा, अभिषेक और दान किया जाए, तो शिव कृपा शीघ्र प्राप्त होती है तथा कुंडली के ग्रह दोष भी शांत होते हैं। आइए जानते हैं राशि अनुसार विशेष उपाय—
मेष राशि
मेष राशि के जातकों को जल में गुड़ मिलाकर शिवलिंग का अभिषेक करना चाहिए। पूजा के पश्चात लाल वस्त्र का दान शुभ रहेगा। साथ ही नीम का पौधा लगाना उत्तम फलदायी है।
वृषभ राशि
वृषभ राशि के स्वामी शुक्र हैं। इन्हें कच्चे दूध से शिवजी का अभिषेक करना चाहिए। चावल का दान करें और घर के आसपास बेल का वृक्ष लगाएं।
मिथुन राशि
मिथुन राशि वाले गंगाजल में शहद मिलाकर भोलेनाथ को अर्पित करें। हरी मूंग दाल का दान लाभकारी रहेगा। अशोक का पौधा लगाना समृद्धि लाएगा।
कर्क राशि
कर्क राशि के जातक दूध और चावल मिश्रित जल से अभिषेक करें। सफेद वस्त्रों का दान मानसिक शांति देगा। पीपल का पौधा लगाना अत्यंत शुभ है।
सिंह राशि
सिंह राशि वालों को केसर युक्त जल से अभिषेक करना चाहिए। गेहूं का दान करियर उन्नति में सहायक होगा। आंवले का पौधा लगाना भी लाभदायक है।
कन्या राशि
कन्या राशि के लोग दूर्वायुक्त जल से शिवजी की पूजा करें। मूंग दाल का दान करें और आंवले का पेड़ लगाएं।
तुला राशि
तुला राशि के जातक दूध, इत्र और जल से अभिषेक करें। सफेद वस्त्रों का दान सुख-सौभाग्य बढ़ाएगा। चंपा का पौधा लगाना श्रेष्ठ माना गया है।
वृश्चिक राशि
वृश्चिक राशि वाले शहदयुक्त जल से अभिषेक करें। काले तिल का दान संकटों को दूर करेगा। शमी का पौधा लगाना शुभ रहेगा।
धनु राशि
धनु राशि के जातक हल्दी युक्त जल से अभिषेक करें। पीले वस्त्रों का दान करें। शमी या पीपल का पौधा लगाने से गुरु दोष शांत होता है।
मकर राशि
मकर राशि के लिए तिल युक्त जल से अभिषेक उत्तम है। गरीबों को कंबल दान करें। शमी या पीपल का वृक्ष लगाना शुभ रहेगा।
कुंभ राशि
कुंभ राशि वाले गंगाजल और शक्कर मिश्रित जल से शिवजी को स्नान कराएं। नीले वस्त्रों का दान करें और कदम्ब का पौधा लगाएं।
मीन राशि
मीन राशि के जातक दूध, शहद और जल का मिश्रण शिवलिंग पर चढ़ाएं। गुड़ का दान करें। बेलपत्र का पौधा लगाना विशेष फलदायी रहेगा।
महाशिवरात्रि का यह पावन अवसर आत्मशुद्धि, भक्ति और सकारात्मक ऊर्जा का पर्व है। श्रद्धा और विश्वास के साथ की गई शिव आराधना जीवन में सुख, शांति और उन्नति के द्वार खोल देती है।