मार्गशीर्ष मास की मोक्षदा एकादशी इस वर्ष सोमवार, 1 दिसंबर को मनाई जा रही है। इस पावन तिथि पर चंद्रमा का गोचर मीन राशि में हो रहा है और गुरु की चंद्रमा पर शुभ दृष्टि बनने से दिव्य आध्यात्मिक ऊर्जा का संयोग बन रहा है। इसके साथ ही आकाश में गुरु और मंगल पंचमहापुरुष राजयोग बना रहे हैं जो कई राशि जातकों को अत्यंत शुभ फल प्रदान करेगा। रेवती नक्षत्र और व्यतिपात योग का संयोग इस दिन की दिव्यता और अधिक बढ़ा रहा है। इन मंगलकारी ग्रह योगों का सीधा प्रभाव वृषभ, सिंह, कन्या, तुला और मकर राशि वालों के लिए विशेष लाभकारी रहेगा। आइए जानते हैं इन राशियों का विस्तृत आध्यात्मिक राशिफल और सोमवार के शुभ उपाय।
वृषभ राशि – जीवन में प्रगति और आर्थिक शुभ संकेत
वृषभ राशि के जातकों के लिए यह सोमवार अत्यंत शुभ रहेगा। आपकी कोई बड़ी महत्वाकांक्षा पूर्ण हो सकती है। नौकरी में सहयोग, सम्मान और पद प्रगति के योग बन रहे हैं। सहकर्मियों और अधिकारियों से व्यवहार में सहजता रहेगी और आपको ऐसी जिम्मेदारी मिल सकती है जिसका आप लंबे समय से इंतजार कर रहे थे। आर्थिक क्षेत्र में भी लाभ के अवसर बनेंगे। किसी पुराने निवेश से अचानक लाभ मिल सकता है। परिवार में प्रेम और सामंजस्य बना रहेगा और वातावरण में सकारात्मक ऊर्जा बढ़ेगी।
सोमवार का उपाय: किसी मंदिर में श्रीमद्भगवद्गीता दान करें।
सिंह राशि – प्रभाव, सम्मान और पैतृक लाभ
सिंह राशि के जातकों के लिए यह दिन प्रतिष्ठा और सम्मान बढ़ाने वाला रहेगा। पिता और पैतृक पक्ष से आर्थिक लाभ प्राप्त हो सकता है। यदि आपने किसी को धन उधार दिया था तो उसके लौटने की प्रबल संभावना है। व्यापार में विशेषकर किराना और परचून से जुड़े व्यवसायियों को बढ़िया लाभ मिलने के योग हैं। नए संपर्क बनेंगे जो भविष्य में आपके लिए सहायक सिद्ध होंगे। परिवार में प्रेम बढ़ेगा और पिता के मार्गदर्शन से महत्वपूर्ण लाभ प्राप्त होगा।
सोमवार का उपाय: भगवान शिव का दूध से अभिषेक करें।
कन्या राशि – भाग्य उन्नति और कार्य सिद्धि
कन्या राशि वालों के लिए यह सोमवार अत्यंत भाग्यशाली है। व्यापार में उम्मीद से अधिक लाभ मिलेगा और कोई अधूरा बड़ा काम आज पूर्ण हो सकता है। अनुभवी व्यक्ति से मार्गदर्शन मिलेगा जिससे आगे के कार्यों में सफलता बढ़ेगी। यदि आप बैंक लोन के लिए प्रयास कर रहे हैं तो सकारात्मक परिणाम मिल सकता है। पारिवारिक जीवन खुशियों से भरा रहेगा। नौकरी में भी दिन सहायक रहेगा और रुके हुए कामों को पूरा करने में आसानी होगी।
सोमवार का उपाय: गीता के दसवें अध्याय का पाठ करें।
तुला राशि – सौभाग्य में वृद्धि और मनोकामना पूर्ति
तुला राशि के लोगों के लिए दिसंबर का पहला दिन शुभता लेकर आएगा। कोई मनोकामना पूरी हो सकती है जिससे मन प्रसन्न रहेगा। किसी अनजान व्यक्ति से सहयोग प्राप्त हो सकता है। लगातार आर्थिक लाभ का संयोग बनेगा और कहीं रुका हुआ धन भी मिलने के योग हैं। धार्मिक कार्यों में मन लगेगा और पुण्य प्राप्त होगा। प्रेम जीवन में भी अनुकूलता रहेगी और आप अपने प्रियजन के साथ सुखद समय व्यतीत करेंगे।
सोमवार का उपाय: श्रीकृष्ण चालीसा का पाठ करें और किसी जरूरतमंद को फल का दान दें।
मकर राशि – सफलता, उन्नति और प्रेम जीवन में शुभ संकेत
मकर राशि के जातकों के लिए यह सोमवार बहुत लाभदायक रहेगा। नौकरी में आपके विरोधी भी सहयोग देंगे और अधिकारी आपका साथ देंगे। किसी बड़ी इच्छा या लक्ष्य की पूर्ति हो सकती है। नौकरी खोज रहे लोगों को उत्तम अवसर मिल सकता है। पारिवारिक जीवन में खुशियां रहेंगी और प्रेमी से कोई उपहार या सहयोग मिलने का संकेत है। व्यवसाय में अच्छी कमाई होगी और सरकारी क्षेत्र से जुड़े कार्यों में भी सफलता मिलने के योग हैं।
सोमवार का उपाय: भगवान शिव के नाम का “ॐ नमः शिवाय” कम से कम 108 बार जप करें।