हम अक्सर घर को सुंदर और व्यवस्थित बनाने के चक्कर में दरवाजों के पीछे की खाली जगह का इस्तेमाल सामान टांगने के लिए करने लगते हैं। कभी कपड़े, कभी बैग तो कभी गीले तौलिए वहीं लटका दिए जाते हैं। देखने में यह सामान्य आदत लगती है, लेकिन वास्तु शास्त्र के अनुसार यह छोटी सी गलती घर की सकारात्मक ऊर्जा को रोक सकती है। वास्तु में दरवाजों को ऊर्जा का प्रवेश द्वार माना गया है। अगर इन द्वारों पर अव्यवस्था या नकारात्मक वस्तुएं हों, तो इसका असर घर की सुख-शांति, आर्थिक स्थिति और रिश्तों पर पड़ने लगता है।
दरवाजे पर सामान टांगने से क्यों बढ़ते हैं वास्तु दोष
वास्तु शास्त्र कहता है कि जब दरवाजे के पीछे भारी सामान या कपड़ों का ढेर लगा होता है, तो दरवाजा पूरी तरह खुल नहीं पाता। इसे “अवरोध दोष” माना जाता है। ऐसा होने से घर में आने वाली सकारात्मक ऊर्जा बाधित हो जाती है और जीवन में रुकावटें बढ़ने लगती हैं। इसका प्रभाव करियर, व्यापार और नई सफलताओं पर भी पड़ता है।
अगर दरवाजों पर भारी बैग या झोले लटकाए जाएं, तो यह आर्थिक समस्याओं को बढ़ाने वाला माना जाता है। धीरे-धीरे फिजूलखर्ची बढ़ती है और व्यक्ति कर्ज के बोझ में दब सकता है। वहीं दरवाजे के पीछे कैंची, लोहे के औजार या नुकीली चीजें टांगना परिवार में तनाव और विवाद का कारण बनता है। इससे घर के लोगों के बीच तालमेल बिगड़ने लगता है।
भूलकर भी दरवाजे पर न टांगें ये चीजें
ढेर सारे कपड़े
दरवाजे पर कपड़ों का अंबार लगाने से घर में नकारात्मक ऊर्जा जमा होती है। इससे मानसिक तनाव, चिड़चिड़ापन और आलस्य बढ़ सकता है।
दवाइयों का बैग
दवाइयों को बीमारी का प्रतीक माना जाता है। इन्हें दरवाजे के पीछे रखने से घर में रोग और इलाज पर खर्च बढ़ने की आशंका बनी रहती है।
पुराने कैलेंडर
बीते हुए साल या महीनों के कैलेंडर घर में ठहराव का संकेत देते हैं। यह व्यक्ति की प्रगति और नए अवसरों को प्रभावित कर सकते हैं।
गंदे जूते-चप्पल
दरवाजे के पीछे जूते-चप्पलों का ढेर राहु के नकारात्मक प्रभाव को बढ़ाता है, जिससे घर में अशांति और तनाव बढ़ सकता है।
गीले कपड़े या तौलिए
गीली चीजें नमी और नकारात्मक ऊर्जा का प्रतीक मानी जाती हैं। इन्हें दरवाजों पर टांगने से घर के लोगों के स्वास्थ्य पर बुरा असर पड़ सकता है।
ऐसे सुधारें दरवाजे का वास्तु
कोशिश करें कि दरवाजों के पीछे ज्यादा सामान न रखें। कपड़ों और बैग के लिए अलग अलमारी या स्टैंड का इस्तेमाल करें। दरवाजे के पीछे की जगह को हमेशा साफ रखें, क्योंकि गंदगी दरिद्रता को आकर्षित करती है। यदि दरवाजा खोलते समय आवाज करता है, तो तुरंत उसकी मरम्मत करवाएं। साथ ही दरवाजे के ऊपर स्वास्तिक या ॐ का शुभ चिह्न लगाना सकारात्मक ऊर्जा बढ़ाने वाला माना जाता है।