ज्योतिष शास्त्र में सूर्य को ग्रहों का राजा कहा गया है। यह आत्मबल, आत्मविश्वास, स्वास्थ्य, सफलता और शासन का प्रतीक है। सूर्य जब किसी राशि में प्रवेश करता है तो वह न केवल उस राशि को बल्कि सभी राशियों को प्रभावित करता है। प्रत्येक माह सूर्य का राशि परिवर्तन यानी सूर्य संक्रांति जीवन में शुभ-अशुभ घटनाएं लेकर आती है। वर्तमान में सूर्य तुला राशि में नीच स्थिति में हैं और 16 नवंबर 2025 को वे मंगल की राशि वृश्चिक में प्रवेश करेंगे। सूर्य इस राशि में एक माह तक रहकर सभी 12 राशियों को अलग-अलग प्रकार से प्रभावित करेंगे। आइए जानते हैं इस गोचर का आपकी राशि पर क्या असर पड़ेगा।
मेष राशि
सूर्य का गोचर आपके आठवें भाव में रहेगा। यह समय आपको सतर्क रहने की सलाह देता है। स्वास्थ्य से जुड़ी समस्याएं या अचानक खर्च सामने आ सकते हैं। जोखिमभरे कार्यों से दूर रहें और आर्थिक निर्णय सोच-समझकर लें। ध्यान और योग से मानसिक शांति प्राप्त होगी।
वृषभ राशि
इस गोचर में सूर्य आपके सातवें भाव में रहेगा, जिससे साझेदारी और वैवाहिक जीवन पर प्रभाव पड़ेगा। पति-पत्नी के बीच मतभेद या व्यावसायिक संबंधों में बदलाव संभव है। कार्यक्षेत्र में सफलता तभी मिलेगी जब आप संयम और समझदारी से कार्य करेंगे।
मिथुन राशि
सूर्य का गोचर आपके छठे भाव में रहेगा, जो शत्रुओं पर विजय और कार्यक्षेत्र में सफलता का संकेत देता है। सरकारी कामकाज में लाभ मिलेगा और वरिष्ठों का सहयोग प्राप्त होगा। स्वास्थ्य अच्छा रहेगा और मन प्रसन्न रहेगा।
कर्क राशि
सूर्य आपके पंचम भाव में गोचर करेंगे। यह समय शिक्षा, संतान और रचनात्मक कार्यों के लिए शुभ है। विद्यार्थियों के लिए नए अवसर प्राप्त होंगे। मनोरंजन और कला से जुड़े लोगों के लिए यह अवधि लाभदायक सिद्ध होगी।
सिंह राशि
आपकी राशि के स्वामी स्वयं सूर्य हैं, लेकिन इस बार वे आपके चतुर्थ भाव में गोचर करेंगे। इससे पारिवारिक मामलों में तनाव बढ़ सकता है। माता-पिता के स्वास्थ्य पर ध्यान दें। कार्यस्थल पर परिवर्तन और यात्रा के योग बन रहे हैं। मेहनत से सफलता प्राप्त होगी।
कन्या राशि
सूर्य का गोचर आपके तीसरे भाव में रहेगा, जिससे रुके हुए कार्य पूरे होंगे और साहस बढ़ेगा। भाइयों से सहयोग मिलेगा। सामाजिक मान-सम्मान में वृद्धि होगी और आत्मविश्वास में मजबूती आएगी।
तुला राशि
सूर्य का दूसरे भाव में गोचर आपको नए अनुबंधों और अवसरों की सौगात देगा। वित्तीय स्थिति मजबूत होगी। यदि आप सावधानीपूर्वक निर्णय लेंगे तो भविष्य में बड़ा लाभ संभव है। वाणी में मधुरता रखें, तभी सफलता सुनिश्चित होगी।
वृश्चिक राशि
सूर्य आपके लग्न भाव में रहेंगे। यह आपके व्यक्तित्व में आत्मविश्वास और तेजस्विता बढ़ाएंगे। पुरानी बीमारियों से राहत मिलेगी। स्थान परिवर्तन और नए संपर्कों से लाभ प्राप्त होगा। आर्थिक स्थिति में सुधार आएगा।
धनु राशि
सूर्य का गोचर आपके बारहवें भाव में रहेगा। खर्चों में बढ़ोतरी संभव है। विदेश से जुड़े कार्यों में लाभ मिलेगा। प्रेम संबंधों में सावधानी बरतें। आत्मनियंत्रण से ही सफलता प्राप्त होगी।
मकर राशि
सूर्य का गोचर आपके एकादश भाव में रहेगा जो लाभ का भाव माना जाता है। नए अवसर प्राप्त होंगे, मित्रों से सहयोग मिलेगा। आर्थिक प्रगति के योग बनेंगे। मेहनती जातकों को बड़ा लाभ मिलेगा।
कुम्भ राशि
सूर्य आपके दशम भाव में रहेंगे, जिससे करियर में उन्नति के योग हैं। नई जिम्मेदारियाँ मिलेंगी और समाज में सम्मान बढ़ेगा। वरिष्ठों से संबंध मजबूत होंगे। दीर्घकालिक योजनाएँ सफलता की दिशा में बढ़ेंगी।
मीन राशि
सूर्य का नवम भाव में गोचर भाग्य वृद्धि का संकेत दे रहा है। भाग्य के सहारे कोई नया अवसर प्राप्त होगा। धार्मिक यात्रा या पूजापाठ का योग है। वाहन या संपत्ति खरीदने के योग बन रहे हैं।